एमजीएम अस्पताल में रखे युवक के शव से दोनों आंखें गायब होने का आरोप, परिजनों ने किया जमकर हंगामा*
जमशेदपुर।
कोल्हान के सबसे बड़े सरकारी अस्पतालों में शामिल एमजीएम अस्पताल की व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। अस्पताल के शवगृह में रखे 18 वर्षीय युवक के शव से दोनों आंखें गायब होने का आरोप लगाते हुए गुरुवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के अनुसार, सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया क्षेत्र निवासी 18 वर्षीय राजू प्रमाणिक की बुधवार को कथित तौर पर आत्महत्या के बाद मौत हो गई थी। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल में रखा गया था। गुरुवार सुबह जब परिजन शव लेने अस्पताल पहुंचे तो उसकी स्थिति देखकर स्तब्ध रह गए। परिजनों का आरोप है कि शव की दोनों आंखें गायब थीं।
परिजन सूरज प्रमाणिक ने बताया कि शव की हालत देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए और अस्पताल परिसर में विरोध जताया।
इस घटना के बाद अस्पताल के शवगृह की सुरक्षा व्यवस्था और शवों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। परिजनों ने सवाल किया कि अस्पताल की देखरेख में रखे गए शव के साथ कथित तौर पर ऐसी घटना कैसे हुई और इसके लिए जिम्मेदार कौन है?
एक ओर परिवार अपने जवान बेटे की मौत के सदमे से उबर भी नहीं पाया था, वहीं दूसरी ओर शव की स्थिति ने उनकी पीड़ा और बढ़ा दी है।
फिलहाल, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की चिकित्सकीय पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से भी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इधर, एमजीएम थाना के पदाधिकारी हिसामुद्दीन खान ने बताया कि परिजनों की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब सवाल यह है कि अस्पताल में सुरक्षित रखे गए शव के साथ आखिर क्या हुआ? मामले की निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।






0 Comments:
Post a Comment