आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव में लगभग 25,000 से अधिक नए मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित किए जाने के विरोध में, रमेश हांसदा के नेतृत्व में नए मतदाताओं एवं क्षेत्र की आम जनता द्वारा 25 जनवरी को आकाशवाणी चौक, आदित्यपुर के समक्ष विरोध प्रदर्शन एवं जनसभा आयोजित की जाएगी।
यह विरोध प्रदर्शन सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आयोजित होगा। इस अवसर पर यह मुद्दा प्रमुख रूप से उठाया जाएगा कि मतदाता दिवस का उद्देश्य नागरिकों को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना और मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना है, लेकिन इसके विपरीत झारखंड राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा नगर निगम चुनाव में लगभग 18 महीने पुरानी मतदाता सूची के आधार पर चुनाव कराए जाने का निर्णय लिया गया है, जो पूरी तरह अनुचित और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध है।
इस निर्णय के कारण हाल के महीनों में मतदाता सूची में जुड़े हजारों नए मतदाताओं को न तो मेयर चुनाव और न ही वार्ड चुनाव में मतदान का अधिकार मिलेगा। केवल आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में ही ऐसे मतदाताओं की संख्या 25,000 से अधिक बताई जा रही है। यदि पूरे झारखंड राज्य की बात करें, तो यह संख्या 5 से 7 लाख के बीच होने का अनुमान है।
रमेश हांसदा ने कहा कि यह मामला केवल एक क्षेत्र या एक चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र में नागरिकों के मौलिक अधिकारों से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ गंभीर विषय है। नए मतदाताओं को मतदान से वंचित करना संविधान की भावना के खिलाफ है।










