सरायकेला-खरसावां।
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित आयड़ा खाओ गली में खाने के ऑर्डर को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे हुई चाकूबाजी की घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले में पुलिस ने दुकानदार के परिवार के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, सागर झा अपने साथियों के साथ खाओ गली स्थित एक दुकान पर हाफ चाऊमीन और चिकन चिली का ऑर्डर देने पहुंचे थे। इसके लिए उन्होंने 150 रुपये का अग्रिम भुगतान भी किया था। भोजन मिलने में देरी होने के कारण दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। बताया जाता है कि दुकानदार ने पैसे वापस कर दिए, लेकिन इसके बावजूद विवाद शांत नहीं हुआ और देखते ही देखते मामला गाली-गलौज से मारपीट तक पहुंच गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान सालडीह बस्ती निवासी दुकानदार के परिवार के सदस्यों ने युवकों पर हमला कर दिया। इसी दौरान दुकानदार के बेटे ऋषभ बरुवा ने कथित तौर पर धारदार चाकू से कई वार किए। हमले में मानगो निवासी लाइटिंग मिस्त्री शिखर तिर्की की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सागर झा, सन्नी और अरुण पांडे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने बताया कि कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ बरुवा, उसके भाई मोहित, पिता मोहन बरुवा, मां ऋषिका और बहन मुक्ति बरुवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। सभी पांच आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया खून लगा चाकू और एक कढ़ाई भी जब्त की है। दोनों सामानों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
महज 150 रुपये के खाने के ऑर्डर से शुरू हुआ यह विवाद एक युवक की जान जाने और तीन लोगों के घायल होने की घटना में बदल गया। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।










