सरायकेला।
सरायकेला-खरसावां जिले के दुगनी स्थित रामकृष्ण फोर्जिंग लिमिटेड कंपनी में गुरुवार सुबह मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मोर्चा खोल दिया। सुबह 6 बजे से ही आक्रोशित मजदूरों ने कंपनी के सभी गेट जाम कर काम का बहिष्कार कर दिया।
प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नाराजगी जाहिर की और श्रम नियमों के उल्लंघन व शोषण का गंभीर आरोप लगाया।
मजदूरों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन द्वारा सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जाती है। वहीं तीन साल बाद वेतन वृद्धि के नाम पर मात्र 13 रुपये की बढ़ोतरी की गई है, जिससे मजदूरों में भारी असंतोष है।
मजदूरों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन दबाव बनाकर उनसे 16-16 घंटे तक जबरन काम करवाता है, लेकिन ओवरटाइम का नियमानुसार दोगुना भुगतान नहीं किया जाता है।
कुछ मजदूरों ने प्रबंधन की कार्यशैली को तानाशाहीपूर्ण बताते हुए कहा कि जब वे अपनी समस्याओं और मांगों को प्रबंधन के समक्ष रखते हैं, तो उन्हें नौकरी से निकालने की धमकी दी जाती है। इस तरह के दबाव के कारण मजदूर अपने अधिकारों के लिए आवाज भी नहीं उठा पा रहे हैं।
मजदूरों के आंदोलन के कारण कंपनी के उत्पादन कार्य पर असर पड़ा है। इधर, मामले में कंपनी प्रबंधन का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रबंधन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।






0 Comments:
Post a Comment